रिपोर्ट: उत्तराखंड जोश Holi Gayan
श्री राम सेवक सभा में होली के रंग, संगीत और भक्ति का अद्भुत संगम Holi Gayan
नैनीताल: श्री राम सेवक सभा में सोमवार को स्वर्गीय चंद्र लाल साह की स्मृति में एकल होली गायन का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में 25 से अधिक होलियारों ने अपनी स्वर लहरियों से समां बांध दिया। जैसे ही सुरों की गूंज उठी, पूरा सभागार रंगों और भक्तिभाव में डूब गया।
मल्लिका कला केंद्र के विद्यार्थियों ने बिखेरा सुरों का रंग
कार्यक्रम में मल्लिका कला केंद्र के 17 विद्यार्थियों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से होली का रंग और अधिक गहरा कर दिया। शर्मिष्ठा बिष्ट और आनंद बिष्ट ने अपनी मंत्रमुग्ध कर देने वाली गायकी से समां बांध दिया। उनके स्वरों ने वातावरण में ऐसा जादू बिखेरा कि उपस्थित दर्शक संगीत की इस गंगा में स्वयं को सराबोर महसूस करने लगे।
ICC Champions Trophy: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की ऐतिहासिक जीत पर कूटा ने दी बधाई
प्रतिभाशाली कलाकारों ने सुर और रंगों का किया संगम
होलियारों में नरेश चम्याल, दीपा चौधरी, रक्षित साह, संगीता बिष्ट, रुद्राक्ष वर्मा, जतिन कुमार, सरिता त्रिपाठी, वंदना पांडे, सुशील पांडे, संजय कुमार, आदित्य कुमार, वीरेंद्र, भूमि बदलाकोटी, परी साह, ऋषभ रैकवाल, रिया, अनुष्का, ऋचा सनवाल, पूजा, मोनिका, अवर्णिक जोशी, निर्मल जोशी, भूमिका गोस्वामी, कैलाश जोशी सहित कई कलाकारों ने अपने गायन से होली के रंगों को और अधिक चटख बना दिया।
संगीत के इस उल्लास में राहुल जोशी, नीरज सती, गिरीश भट्ट, नरेश चम्याल और कैलाश जोशी ने तबला, हारमोनियम और लौटे की मधुर संगत से गायन को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।
भक्ति, उल्लास और होली के रंगों से सराबोर हुआ माहौल
होलियारों ने “मिथिला में खेले होली”, “मारो रे मारो पिचकारी”, “धावा बोले हैं गिरधारी”, “चंद्र वेदनी खोलो द्वार”, “सखी मेरे दोनों हाथ रंग से भरे हैं”, “भीगे मोरी चुनरिया”, “मोरी आंखों में डारी गुलाल”, “बिरज में आज होली खेले कान्हा”, “अखियन पड़त गुलाल”, “होली खेल रहे नंदलाल”, “मारो नंदलाल मारो पिचकारी”, “मृगनयनी के पार”, “नैनों में डाले गुलाल”, “मोपे डालो न रंग गिरधारी” जैसे होली के प्रसिद्ध गीतों की रसधारा बहाई। इन गीतों ने पूरे माहौल को होली की आनंदमयी उमंग से भर दिया।
स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया सम्मान
सभी प्रतिभागी होलियारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन मुकेश जोशी और प्रोफेसर ललित तिवारी ने किया।
स्कूली बच्चों की होली प्रस्तुति आज दोपहर 2 बजे
कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि कल दोपहर 2 बजे स्कूली बच्चों की विशेष होली प्रस्तुति होगी, जिसमें नन्हें कलाकार अपने गायन और नृत्य से होली के इस रंगारंग उत्सव को और अधिक मनोरम बनाएंगे।